नगर में सड़क पर रेता, बजरी आदि भवन सामग्री उतारने का क्रम बरकरार है। इसके चलते अक्सर यहां दुपहिया वाहन रपट रहे हैं। शनिवार को डिग्री कॉलेज मार्ग पर निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने सड़क पर बेतरतीब तरीके से उतारी गई रेत और बजरी पर एक बाइक रपट गई। दुर्घटना में बाप बेटी आंशिक रुप से घायल हो गए।
शनिवार सुबह राकेश कुमार अपनी बेटी खुशबू को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। डिग्री कॉलेज मार्ग पर सड़क पर रेत होने से उनकी बाइक बेकाबू होकर रपट गई। बाइक की गति बेहद कम होने से दोनों को ज्यादा चोट नहीं लगी। यह सड़क डिग्री कालेज के अलावा गंगनौला, नसखोला, भुमलाई, ईडाकोट, डैंसली, रायनगर चौड़ी क्षेत्र को जाती है। सड़क पर निर्माण सामग्री के चलते यहां अक्सर दोपहिया वाहन रपटते रहते हैं।
क्षेत्र के कुंवर सिंह, जमन सिंह, राकेश चंद्र, रमेश राम, खीम सिंह, साकेत कुमार, गुड्डू, सुनीता आदि ने सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री को हटाने और सड़क पर निर्माण सामग्री उतारने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर नगर पंचायत के अधिशासी अभियंता कमल कुमार ने बताया कि सड़क पर भवन सामग्री उतारने के लिए सख्त मनाही की है। ऐसे मामले सामने आने पर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी मौका मुआयना कर कार्रवाई की जाएगी।