लोहाघाट (चंपावत) । सुबह-शाम कड़ाके की ठंड होने के साथ लोहाघाट-बाराकोट, पाटी क्षेत्र पाले से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से बचाव के लिए चूना और नमक का छिड़काव करने की मांग उठाई है।
इन दिनों लोहाघाट-देवीधूरा, लोहाघाट-बाराकोट- सिमलखेत मोटर मार्ग, किमतोली-रौशाल, लोहाघाट- चौमेल मोटर मार्ग, जीआईसी लोहाघाट से मरोड़ाखान मोटर मार्ग, लोहाघाट-मायावती, टाक कुंडी माहरा, अश्वताल-झलानदेव, खूना बलाई, लमताल-खर्क और गल्लागांव तड़ाग मोटर मार्ग पर सुबह के समय पाले की सफेद चादर बिछ रही है।
इस कारण दोपहिया वाहनों के रपटने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय गिरीश राम, मोहन सिंह, शंकर नाथ, नारायण गोस्वामी, भुवन शंकर पंत, महादेव दत्त आदि ने बताया कि सुबह और शाम के वक्त सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। बताया कि कई लोग तो पूर्व में चोटिल हो चुके हैं। उन्होंने सड़कों पर लगातार चूना और नमक का छिड़काव करने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के ईई हितेश कांडपाल ने बताया कि विभाग की ओर से लगातार सड़कों पर चूने और नमक का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को जारी रखा जाएगा।