टनकपुर (चंपावत)। साइबर ठग ने एक पोल्ट्री फार्म स्वामी को झांसे में लेकर उसके खाते से 15 हजार रुपये उड़ा लिए। ग्राम सैलानीगोठ निवासी पोल्ट्री फार्म स्वामी कैलाश गड़कोटी ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शुक्रवार को वह
लॉकडाउन पास बनाने के लिए तहसील गया था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर 7099128949 नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को उसका पुराना परिचित बताते हुए अपने खाते से पैसों के लेनेदन में परेशानी होने का झांसा दे उसके खाते में गूगल पे एप से 20 हजार रुपये डालने की बात कही। फोन करने वाले ने उसके वाट्सएप नंबर पर एक बार कोड डाला और फिर कुछ निर्देश दिए। पीड़ित ने बताया कि वह झांसे में आ गया और उसके निर्देशों का पालन किया तो बैंक खाते से 9999 रुपये कॉल करने वाले के खाते में चले गए।
उसने पीड़ित के भतीजे के नंबर पर भी बार कोड भेजा था। उसे क्लिक करने से 5000 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर हो गए, जबकि तकनीकी दिक्कत के चलते दूसरी बार पांच हजार रुपये ट्रांसफर नहीं हो पाए। घर पहुंचने पर उन्हें जब उसे ठगी का अहसास हुआ तो उसने कॉल करने वाले के नंबर पर फोन किया, लेकिन तब से उसका फोन रिसीव नहीं हो रहा है। पोल्ट्री फार्म स्वामी ने बताया कि ठग ने उन्हें उसके खाते से 14999 रुपये ठग लिए। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।