लोहाघाट (चंपावत)। साइबर ठगों ने नगर के एक व्यापारी पुत्र को जाल में फंसाकर बैंक खाते से एक लाख 10 हजार 998 रुपये उड़ा लिए। व्यापारी ने लोहाघाट थाने में तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
व्यापारी राकेश मुरारी ने बताया कि उसके पुत्र पार्थ ने एक ऑनलाइन कंपनी से कुछ सामान मंगवाया था। सामान पसंद नहीं आने पर पार्थ ने सामान वापस कर रुपया मंगवाने के लिए ब्राउजर में कंपनी का नंबर खोजा। बताया कि इसके कुछ देर बाद आए एक अज्ञात व्यक्ति के फोन को उनके पुत्र पार्थ मुरारी ने रिसीव किया।
फोन पर कॉलर ने दो एप डाउनलोड करने को कहा। एप डाउनलोड करने के तुरंत बाद ही साइबर ठग ने मोबाइल हैक कर उनके एसबीआई लोहाघाट के खाते से अलग-अलग समय में एक लाख 10 हजार 998 रुपये निकाल लिए। रुपया निकालते समय वह पार्थ से बात भी करता रहा। पार्थ ने जैसे ही बैंक खाते से रकम निकलने का संदेश देखा तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
ठगी की शिकायत तत्काल पुलिस से की। साथ ही बैंक शाखा को भी इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की विवेचना एसआई हेमंत कठैत को सौंपी गई है।