लखनऊ से आए कस्टम आयुक्त एसके शर्मा ने शुक्रवार देर सायं कस्टम कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। चार्ज संभालने के बाद बनबसा एलसीएस (लैंड कस्टम स्टेशन) में यह उनका पहला दौरा है।
लखनऊ से आए कस्टम आयुक्त शर्मा ने भारत-नेपाल सीमा स्थित कस्टम (सीमा शुल्क विभाग) का निरीक्षण किया। उन्होंने कस्टम कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण करने के साथ ही अभिलेखों का निरीक्षण कर मातहतों से भारत-नेपाल व्यापार का जानकारी ली। उन्होंने दोनों देशों के मैत्री संबंधों के अनुरूप ट्रेड संचालन के साथ ही राजस्व बढ़ाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। विभागीय कार्यों की समीक्षा भी की।
उन्होंने बताया कि बनबसा कस्टम का मुख्य कार्य ट्रेड संचालन का है। प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर नियंत्रण के साथ राजस्व से जुड़ी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर भी कस्टम विभाग की निगरानी रहती है। इस दौरान बरेली से आए उपायुक्त राजेंद्र कुमार, अधीक्षक पीयूष पांडेय, एनके श्रीवास्तव, फैजुल हसन के अलावा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
दो माह पहले बन गया था भवन
कस्टम विभाग का नया भवन दो माह पहले बनकर तैयार हो गया था, जिसमें विभाग ने विधिवत कार्य करना भी शुरू कर दिया था। सीपीडब्ल्यूडी द्वारा करीब 56 लाख रुपये में निर्मित नया भवन आधुनिक तकनीक पर फाइबर टेक्नालाजी से भूकंपरोधी और फायरप्रूफ है।