नोट दोगुना करने का झांसा देकर दो अधेड़ व्यक्ति राजमिस्त्री को एक लाख 22 हजार की चपत लगा गए। घटना एक सप्ताह पूर्व की है। पीड़ित राजमिस्त्री ने कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी घटना की तहरीर मिलने से इंकार किया है।
मूलरूप से जिला बदायूं की तहसील दातागंज के गांव संबलपुर नवतिया निवासी मोरपाल पुत्र नंदराम टनकपुर के खेतखेड़ा में रहता है। मोरपाल ने बताया कि तीन माह पूर्व उसे शारदा तट पर दो अधेड़ व्यक्ति मिले। शाम को वे दोनों मोरपाल के घर पहुंचे और वहीं रात्रि विश्राम किया।
रात में ठगों ने मोरपाल और उसकी पत्नी को झांसे में लेकर पांच सौ रुपये के एक नोट को शीशे में रखकर दो नोट बनाने का ऐसा तरीका दिखाया कि मोरपाल और उसकी पत्नी को यकीन हो गया। दोनों ठग मोरपाल से नोटों की व्यवस्था करने की बात कहकर चल दिए। इस बीच वे मोरपाल से लगातार फोन पर संपर्क कर रुपयों के इंतजाम के बारे में पूछते रहे।
झांसे में आकर मोरपाल ने फाइनेंस कंपनी से ऋण और परिचितों से उधार लेकर एक लाख 22 हजार रुपये का इंतजाम कर ठगों को बुला लिया। गत आठ सितंबर को ठग मोरपाल के घर पहुंचे। उन्होंने रुपयों को शीशे में लपेट कर एक संदूक में रखकर चार दिन बाद खोलने की बात कहीं और संदूक की चाबी अपने पास रख ली।
अगले दिन नौ सितंबर की सुबह दोनों ठप मोरपाल को अपने साथ बरेली ले गए, जहां से वे चकमा देकर रफूचक्कर हो लिए। घर लौटे मोरपाल ने चौथे दिन संदूक खोला तो उसके अंदर शीशे में कागज की गड्डी लिपटी मिली। यह देख मोरपाल के होश उड़ गए। मोरपाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को नहीं है ठगी की घटना की जानकारी
ठगी के किसी मामले की जानकारी नहीं है और किसी ने कोतवाली में तहरीर भी नहीं दी है। तहरीर मिलेगी तो जांच की जाएगी। - राजेंद्र सिंह डांगी, प्रभारी कोतवाली, टनकपुर।