पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच पर कलवर्ट निर्माण और मलबे के बीच गुजरते वाहन। संवाद
चंपावत। पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच-9 पर लोहाघाट से चंपावत की ओर करीब 14 किमी क्षेत्र में पांच से छह जगह चल रहा कलवर्ट निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण कार्य यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है। जगह-जगह सड़क खुदाई और निर्माण सामग्री पड़े होने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य दो माह से अधिक समय से चल रहा है।
लोहाघाट क्षेत्र में कलवर्ट निर्माण में देरी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। लोहाघाट से चंपावत, टनकपुर, खटीमा, हल्द्वानी, देहरादून जाने वाले और इन स्थानों से आने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार घंटों लंबा जाम भी लग रहा है। बारिश के दौरान सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ होने के चलते दोपहिया वाहन चालकों के रपटने का डर बना हुआ है।
एनएच प्रांतीय रक्षक एवं युवा कल्याण कार्यालय के आगे भी कलवर्ट निर्माण के लिए सड़क खोदे जाने से शनिवार को लंबा जाम लग गया। सड़क पर मलबा और बजरी फैले होने के कारण वाहनों की कतारें लग गईं। इससे लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। साथ ही नालियां बाधित होने से बरसात का पानी सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। एनएच के सहायक अभियंता एनसी टम्टा ने बताया कि ठेकेदार को जल्द कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिला अस्पताल मार्ग पर भी लगा जाम
जिला अस्पताल के पास भी वाहनों का जाम लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। चल रहा निर्माण कार्य व अव्यवस्थित पार्किंग साथ ही बढ़ते यातायात दबाव के चलते अस्पताल मार्ग पर आवाजाही काफी देर तक प्रभावित रही। यातायात प्रभारी महेश प्रसाद ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया।
पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच आदि कैलाश यात्रा का प्रमुख मार्ग
यह एनएच आदि कैलाश तक जाने वाला प्रमुख मार्ग है। यातायात के दबाव और पहाड़ के खिसकने के कारण एनएच को नुकसान होता रहा है। ऐसे में कलवर्ट निर्माण जरूरी तो है लेकिन बिना उचित यातायात प्रबंधन के हो रही यह खुदाई आम जनता के लिए मुसीबत बन रही है।