लोहाघाट (चंपावत)। हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल मीनाबाजार हथरंगिया स्थित हजरत कालू सैय्यद बाबा की मजार में तीन दिनी उर्स शुरू हो गया है। उर्स में भाग लेने के लिए बाहरी स्थानों से जायरीन पहुंच गए हैं।
शुक्रवार को कालू सैय्यद बाबा मजार के मुतवल्ली बाबा हसमत हुसैन की अगुवाई में तीन दिनी उर्स का शुभारंभ हो गया है। उर्स के पहले दिन कुरान शरीफ की तिलावत पढ़ी गई। बाबा हसमत ने बताया कि शनिवार को लोहाघाट के स्टेशन बाजार, खड़ी बाजार, गांधी चौक, मीना बाजार होते हुए कालू सैय्यद बाबा की मजार तक चादरपोशी का जुलूस निकलेगा। रात के वक्त उर्स में पूरनपुर पीलीभीत से कव्वाल बाबा की शान में कलाम पेश करेंगे।
बाबा ने बताया कि उर्स में शामिल होने के लिए चंपावत, पिथौरागढ़, डीडीहाट, टनकपुर, खटीमा, जौलजीबी, रानीखेत आदि स्थानों से जायरीनों का आने का सिलसिला शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले जायरीनों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई है। उर्स का समापन 15 जून को कुल शरीफ के बाद होगा। मेला कमेटी के अध्यक्ष जावेद, शाहिद, नजर, अब्दुल नाजिम, नावेद, कलीम, अनस, राशिद, नीशु खान, भूरा, मुन्ना, शोएब, सेफी, शैलू, मुनीर आदि व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।