जिले के विभिन्न स्थानों में रामलीलाओं का मंचन जारी है। मुख्यालय में चल रही रामलीला में लंका दहन का मंचन किया गया। सैंदर्का में लक्ष्मण ने सूपर्णखा की नाक काटी, भिंगराड़ा में अंगद-रावण संवाद और पाटी में सीता विवाह की लीला का मंचन किया गया।
कोट अमोड़ी की रामलीला में चौथे दिन सीता विवाह से लेकर कैकई कोप भवन तक की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान सीता कहती हैं हे पिता जी तुम्हारी दुलारी सीया आज रो रो के तुमसे जुदा हो रही। कैकई के पात्र की भूमिका उमेश भट्ट व दशरथ के पात्र की भूमिका हेतराम भट्ट ने निभाई। कैकई द्वारा पूर्व में राजा से दो वर मांगने का वरदान प्राप्त था।
कैकई ने प्रथम वर में राम को चौदह वर्ष का वनवास और दूसरे वर में भरत को राजतिलक मांगा। रामलीला कमेटी अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट व व्यवस्थापक खीमानंद, संचालक सुरेश भट्ट, दिनेश भट्ट, मनोहर भट्ट आदि सहयोग कर रहे हैं। वहीं बेलखेत में पांचवें दिन की रामलीला में सीता हरण की लीला का मंचन किया गया।
भिंगराड़ा की रामलीला में अंगद-रावण संवाद देखने को भीड़ उमड़ पड़ी। ठंड के बावजूद दर्शक देर रात तक पंडाल में जमे रहे। गिरीश चंद्र भट्ट की अध्यक्षता और कृष्ण चंद्र भट्ट के निर्देशन में भिंगराड़ा की रामलीला में मंदोदरी-रावण संवाद के बाद अंगद के पात्र प्रकाश चंद्र भट्ट और रावण के पात्र नित्यानंद भट्ट ने शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी।
मेघनाद-लक्ष्मण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, राम का विलाप, हनुमान के संजीवनी बूटी लाने तक की लीला का मंचन किया गया। इस मौके पर देवीधुरा से आए अमित लमगड़िया, राकेश लमगड़िया, लोचन चम्याल, सुदीप चम्याल, अजय सिंह दानू, विक्रम सिंगवाल के अलावा जीवन गहतोड़ी, हरीश सकलानी, प्रेमबल्लभ भट्ट, पान सिंह मेहता, धर्म सिंह रावत, शिव दत्त भट्ट, कृष्णानंद भट्ट आदि मौजूद रहे।
चंपावत के पाटी रामलीला में सीता विवाह को लेकर हुआ स्वयंवर।- फोटो : CHAMPAWAT