रेगडू के दशहरा महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।
- फोटो : LOHAGHAT
विकासखंड बाराकोट के रेगडू में चल रहे दशहरा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई है। खटीमा की मां नंदा लोक सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
रविवार को सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ गांव के बुजुर्गों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष दरबान सिंह की अध्यक्षता में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान पुष्कर महर के नेतृत्व में आई खटीमा की मां नंदा लोक सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने ओ नंदा सुनंदा तू दैंण है जाये, माता गौरी नंदा तू दैंण है जाये वंदना से कार्यक्रमों की शुरूआत की।
गायक जितेंद्र ने संगीता मैं फोन करूलो तू नैं उठाली मैसेज भेजूंलो गीत पर दर्शक अपने स्थानों पर थिरकने लगे। राजू विश्वकर्मा ने ओ रंगीली बाना हौंसिय पराना, धूरा आये बाना बांज काटना गीत दर्शकों ने बेहद सराहा। कलाकारों ने कुमाऊंनी, हिंदी, गढ़वाली, नेपाली, पंजाबी आदि प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। संचालन दीपक खोलिया, सुरेश सिंह, चंद्रकांत ने किया। इस मौके पर प्रकाश मेहता, वीरेंद्र मेहता, केदार सिंह, चंद्रशेखर जोशी आदि लोग मौजूद रहे।