फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पोस्टमार्टम हाउस में उमड़ी लोगों की भीड़

Fri, 16 Mar 2018 10:59 PM IST
अमर उजाला ब्यूराे चंपावत।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम गृह में शव आने के बाद उमड़ी लोगों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
लोहाघाट (चंपावत)। पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) की खेतीखान शाखा में हुए गोली कांड में हताहत कैशियर ललित सिंह बिष्ट और अनुसेवक राजेंद्र वर्मा के शवों का पोस्टमार्टम लोहाघाट में किया गया। दो सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने करीब दो घंटे तक चले पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे। घटना की सूचना मिलने के बाद पोस्टमार्टम गृह में लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई।

पोस्टमार्टम गृह में आए लोग मृतकों के शवों और उनके परिजनों की स्थिति को देखकर अपने आंसू थाम नहीं पा रहे थे।  लोहाघाट अस्पताल के डॉ.मंजीत सिंह और जिला अस्पताल के सर्जन डॉ.आरपी खंडूरी ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान एडीएम हेमंत वर्मा भी पोस्टमार्टम गृह में पहुंचे।  परिजनों को सांत्वना देने के लिए डीसीबी के चेयरमैन दल बहादुर बाफिल, उपाध्यक्ष मनोज सामंत, महा प्रबंधक राम अवध, प्रशांत वर्मा, सज्जन लाल वर्मा, विजय वर्मा, दीपक सिंह, त्रिलोक बिष्ट, रमेश सिंह, इंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, विपिन वर्मा, कमल वर्मा, रमेश लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची हुई थी।
विज्ञापन



गमगीन माहौल में हुआ वर्मा का अंतिम संस्कार
चंपावत। डीसीबी की खेतीखान शाखा के कर्मी राजेंद्र लाल वर्मा के शव के उनके तल्लीहाट स्थित आवास में पहुंचते ही माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। राजेंद्र की पत्नी, दोनों बेटियां, मां और भाई व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाद में वर्मा का ताड़केश्वर घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
चिता को मुखाग्नि उनके भाई देवीलाल वर्मा और हरीश लाल वर्मा ने दी। अंतिम संस्कार के मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी। दूसरी तरफ डीसीबी के कैशियर ललित सिंह बिष्ट के शव के चौमेल वल्सों पहुंचने पर परिवार से लेकर गांव तक में मातम पसर गया। पिथौरागढ़ से पहुंची पत्नी, मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को रामेश्वर घाट में होगा।

बंद रही स्वर्णकारों की दुकान, बैंक की चंपावत शाखा भी बंद रही
चंपावत। डीसीबी कर्मी राजेंद्र लाल वर्मा की मौत के बाद इलाके में शोक में तल्लीहाट में बाजार बंद रहा। राजेंद्र के दोनों भाइयों की आभूषण की दुकान है। इसके चलते यहां सभी आभूषण कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। डीसीबी की चंपावत शाखा के कर्मी भी शोक में डूबे रहे। मध्याह्न 12 बजे बाद कामकाज नहीं हुआ।

बैंक में नहीं हुआ कोई काम
चंपावत। डीसीबी की खेतीखान शाखा में शुक्रवार को कोई काम नहीं हुआ।  पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला और उपाध्यक्ष मनोज सामंत ने बताया कि शनिवार को भी बैंक में कामकाज नहीं हो सकेगा। उम्मीद जताई कि बैंक कर्मियों की तैनाती कर सोमवार से बैंक का कामकाज सुचारु कर दिया जाएगा। साथ ही बैंक और बैंक कर्मियों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी।
विज्ञापन


घपले की भी खूब उड़ी अफवाह, पर प्रबंधन ने किया खारिज
चंपावत। हत्या का कोई कारण तो पता नहीं लग सका, मगर खेतीखान क्षेत्र में घपले-घोटाले की अफवाह उड़ी। जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष मनोज सामंत ने किसी भी तरह के घपले-घोटाले के आरोप को खारिज करते हुए इसे महज अफवाह बताया। कहा कि यह शाखा बेहद शानदार तरीके से काम कर रही थी। और जिले की सबसे अच्छी शाखाओं में गिनी जाती थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें