रीठा साहिब (चंपावत)। जनपद स्थित गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन करीब 100 से 200 तीर्थयात्री यहां पहुंचकर मत्था टेक रहे हैं। श्रद्धालु अमृतसर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आ रहे हैं। बढ़ती भीड़ के बावजूद गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रियों को स्वस्थ सुविधाएं प्रदान करते हुए गुरुद्वारा परिसर में 24 घंटे लंगर सेवा संचालित की जा रही है। साथ ही सफाई व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इन दिनों गुरुद्वारे में भजन-कीर्तन और पाठ का आयोजन लगातार जारी है। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अनुसार मई में आयोजित होने वाले जोड़ मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।