एसएसबी ने बड़ी मात्रा में विदेशी कास्मेटिक की खेप पकड़कर कस्टम के सुपुर्द की है। पकड़े गए सामान की कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक है। तस्कर एसएसबी को देख सामान छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए।
एसएसबी 57वीं वाहिनी की धनुषपुल डी कंपनी की बंगाली बस्ती स्थित बीओपी के जवान एएसआई सुभाष चंद्र, एचसी संजय सिंह, कांस्टेबल राजकुमार, भगत सिंह आर्य प्रभारी कमांडर कलजी सोढ़ा के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर सघन पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान पिलर संख्या 804/8 के पास पहुंचने पर उन्हें दो लोग नेपाल से भारत की ओर आते दिखाई दिए।
उनके सिर पर सामान था। पूछताछ करने को एसएसबी जवानों ने उन्हें रुकने को कहा तो वे सामान छोड़कर फरार हो गए। एसएसबी जवानों ने उनका पीछा किया, लेकिन जंगल और चोर रास्ते होने से वे नेपाल सीमा पर प्रवेश कर गए। एसएसबी ने उनके द्वारा छोड़ा सामान चेक किया तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी कास्मेटिक था। एसएसबी कमांडर ने बताया कि पकड़े गए सामान में लेक्मे पाउडर के 252 नग बड़े और 252 नग छोटे, लेक्मे लिपस्टिक के 192 नग मिले हैं, इनकी अनुमानित कीमत 1,55,256 रुपए है। पकड़ा गया सामान एसएसबी ने खटीमा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है।