पुलिस टीम के साथ चरस तस्करी में गिरफ्तारी आरोपी युवक।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने नवाबगंज (बरेली) निवासी दो युवकों को साढ़े चार सौ ग्राम से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है। वे लोहाघाट से चरस खरीदकर नवाबगंज ले जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को चरस तस्करी से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी दी हैं, जिस आधार पर पुलिस अब तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
कोतवाली में तैनात पुलिस उप निरीक्षक योगेश दत्त, महिला पुलिस अधिकारी अंजू यादव और कांस्टेबल उमेश गिरि सोमवार सुबह शहर में गश्त कर रहे थे। पिथौरागढ़ चुंगी के समीप दो युवक संदिग्ध अवस्था में पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए रुकने को कहा तो वे मौके से भागने का प्रयास करने लगे। इससे पहले कि आरोपी भाग निकलते पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नवाबगंज के मोहल्ला गांधी टोला वार्ड-16 निवासी अभिषेक शुक्ला पुत्र राजू शुक्ला के पास से 250 ग्राम और मोहल्ला बगीया वार्ड-16 निवासी सोहेल अमहद पुत्र हजूर अहमद के पास से 210 ग्राम चरस बरामद हुई।
कोतवाल के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि लोहाघाट से चरस खरीदकर नवाबगंज ले जा रहे थे। दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।