राजीव नवोदय विद्यालय में कुछ अराजक तत्वों ने यहां के सात छात्रों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट से इन बच्चों को कुछ चोटें आई हैं। प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से विद्यालय में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
प्रधानाचार्य गोपाल राम आर्य ने बताया कि बसंत चौबे, उसके पिता उर्वादत्त चौबे और दिनेश चौबे ने रोहित बिष्ट, इरफान अंसारी, मोहित परवाल, संदीप जोशी, निशांत, शंकर, विपिन की रविवार पूर्वान्ह को बेवजह पिटाई कर दी। बताया गया कि आरोपी रोहित बिष्ट से बार-बार उसके पिता का नाम पूछ रहे थे। रोहित के रोने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। बच्चों के शरीर में कई जगह अंदरूनी चोटें लगी हुई हैं।
प्रधानाचार्य ने सभी छात्रों का इलाज कराने के साथ मेडिकल भी कराया है। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी थाने में दी। दरोगा मीनाक्षी नौटियाल ने मौका-मुआयना कर पीड़ित छात्रों से आपबीती जानी। पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर तीनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसआई सीएस रावत को जांच अधिकारी बनाया गया है। उनका कहना है कि जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के नहीं हैं कोई इंतजाम
आवासीय राजीव नवोदय विद्यालय की व्यवस्था पर तो सवाल उठते ही है, सुरक्षा के भी कतई इंतजाम नहीं है। पिटाई की इस घटना से यहां के छात्रों के अलावा अभिभावकों में भी नाराजगी है। अभिभावक गोपाल मनराल, सीएल वर्मा, राजेश ओली, सुरेश जोशी आदि ने पुलिस-प्रशासन से बच्चों को पूर्ण सुरक्षा देने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।