अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन आईएस (इस्लामिक स्टेट) की चेतावनी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर भी रेड अलर्ट किया गया है। पुलिस, एसएसबी और खुफिया तंत्रों को सतर्क रहने को कहा गया है।
पेरिस में हुए आतंकी हमले के बाद संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी डीएस कुंवर ने बताया कि खुला बॉर्डर होने से नेपाल सीमा खासी संवेदनशील है। नेपाल सीमा पर सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसबी के हवाले है, लेकिन पुलिस और एसएसबी के बीच सुरक्षा के तहत तालमेल रहता है। एक दूसरे के बीच सुझाव और सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाता है।
इस समय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध, अनजान व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी की 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने बताया कि सीमा पर पहले से ही सतर्कता बरती जा रही है। इन दिनों पूरी नेपाल सीमा पर एसएसबी को खास सतर्क रहने को कहा गया है। थानाध्यक्ष बीआर पौरी ने बताया कि पुलिस गश्त तेज की गई है।