टीवी में ऑनलाइन शॉपिंग विज्ञापन के भ्रमजाल में फंस कर यहां खर्ककार्की निवासी एक युवक साइबर क्राइम का शिकार हो गया है। युवक ने टीवी में विज्ञापन देखकर कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल के माध्यम से किचन सेट और गिफ्ट आइटम मंगाया था। लेकिन संबंधित कंपनी की ओर से सीओडी पार्सल में कूड़ा करकट डाल कर भेज दिया गया। जिस पर युवक ने कंपनी के फोन नंबरों पर संपर्क कर शिकायत की तो दूसरी बार में पार्सल के जरिये उसे कपड़े भेज दिए गए। इस संबंध में युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई है।
खर्ककार्की निवासी अतुल कुमार ने डाकघर के माध्यम से उत्तर प्रदेश की कंपनी महालक्ष्मी टैली शॉप से सात हजार रुपए का सामान सीओडी पार्सल से मंगवाया। 20 मार्च को पार्सल डाकघर में पहुंच गया। युवक ने रुपये देकर पार्सल प्राप्त करने के बाद खोला तो उसके अंदर कूड़ा भरा हुआ मिला। यह देखते ही युवक के हाथ-पांव फूल गए। उसने डाकघर से ही कंपनी को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसने कंपनी से दोबारा उसका मंगाया गया सामान भेजने की गुजारिश की। कंपनी ने दोबारा युवक को पार्सल भेजा। पांच अप्रैल को उसने पार्सल डाकघर से प्राप्त कर खोला तो उसमें एक ट्रैक शूट, एक कलाई घड़ी, पर्स बैल्ट और अन्य सामान भरा हुआ था। युवक ने तत्काल इस मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंप दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बीसी शर्मा के अनुसार युवक ने संबंधित कंपनी के खिलाफ तहरीर तो दी है लेकिन पूरी डिटेल उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अभी मामला पंजीकृत नहीं हो सका है।