जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पांच दिन पहले 1 अगस्त 2014 को जिलाधिकारी कार्यालय में हुई तोड़फोड़ के आरोपी चंपावत दुग्ध संघ लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष नवीन सिंह तड़ागी आखिरकार 14 दिन बाद जेल से रिहा हो गए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमोहन सिंह ने मंगलवार को उनकी जमानत अर्जी स्वीकृत की थी।
कोर्ट ने 25 हजार रुपये के दो जमानती और इतनी ही राशि के एक मुचलके पर जमानत दी है। आरोपी के वकील लक्ष्मण सिंह बोहरा और विद्याधर जोशी ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष तड़ागी बुधवार को लोहाघाट जेल से रिहा हो गए। गैर जमानती वारंट होने के बावजूद अदालत में पेश नहीं होने पर तड़ागी एक जुलाई से जेल में थे। डीएम कक्ष में तोड़फोड़ और एनएच जाम करने के 69 आरोपियों को उच्च न्यायालय ने चार सप्ताह के भीतर सीजेएम की अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।