सीएचसी के कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी में चोरों ने दिन-दहाड़े धावा बोलकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी के दरवाजे का ताला तोड़ पूरा घर खंगाल डाला। हालांकि घर के अंदर आभूषण या नकदी जैसा कोई सामान नहीं था, वरना चोरी की बड़ी घटना हो सकती थी। चिकित्सा अधीक्षक ने पुलिस को घटना की मौखिक सूचना दी है।
सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ह्यांकी ड्यूटी पर थे। करीब दो बजे वे अपने आवास पर गए तो दरवाजे का ताला टूटा देख सकते में आ गए। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो स्टील की अलमारी खुली थी और सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। चोरों ने अटैची और उनके बेड को खंगाल रखा था। चिकित्सा अधीक्षक के कमरे के ठीक सामने चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम तिवारी का घर है।
डॉ. तिवारी का परिवार घर पर मौजूद था, लेकिन चोर इतना शातिर था कि उसने पहले डॉ. तिवारी के घर के दरवाजे का बाहर से कुंडा बंद किया और फिर डॉ. ह्यांकी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉ. ह्यांकी ने बताया कि चोर कमरे में रखी करीब पांच सौ रुपये की रेजगारी चुरा ले गया है। फिलहाल उन्होंने कोतवाली में घटना की तहरीर नहीं दी थी। कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को चोरों की सुरागकशी में लगाया गया है।