चंपावत। वनों को बचाने के लिए पुलिस भी मदद करेगी। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में जंगलों में जाकर पिकनिक मनाने वालों की धरपकड़ होगी। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने इस संबंध में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला मुख्यालय से निकलने वाले विभिन्न मोटर मार्गों, जंगलों के क्षेत्र में निगरानी के लिए तीन पिकेट तैनात कर दी हैं, जो अवकाश के दिनों समेत रोजाना शाम को विभिन्न सड़कों से लगे जंगलों का निरीक्षण करेंगे। एसपी ने बताया कि जंगलों में जाकर पिकनिक मनाने के नाम पर शराब पीने, जुआ खेलने वालों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह का कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि वनों में आग लगने की घटनाओं के पीछे भी कथित तौर पर पिकनिक ही जिम्मेदार होती है। उनका कहना है कि चंपावत मंच तामली, ललुवापानी खेतीखान, गौड़ी मोटर मार्ग से लगे जंगलों में पुलिस की ओर से निगरानी की जाएगी।