चंपावत। जिला मुख्यालय के चैकुनीबोहरा ग्राम पंचायत की एक बुजुर्ग महिला इंसाफ के लिए दर दर भटक रही है। बुजुर्ग कौशल्या देवी का कहना है कि उसके पति का पूर्व में निधन हो गया है तथा उसकी कोई संतान नहीं है।
इस कारण गांव के कुछ लोग उसकी जमीन और संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। उसके साथ गांव के ही कई लोगों ने बीती 28 मई को उस समय मारपीट कर बेहोश कर दिया जब वह अपने खेत में काम करने गई थी।
दो दिनों तक अधमरी रहने के बाद उसने जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद 30 मई को कोतवाली पुलिस को मारपीट करने के आरोपियों की नामजद तहरीर सौंपी थी। लेकिन अब तक पुलिस ने तहरीर पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की है। जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं तथा उसका गांव में सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है।