टनकपुर (चंपावत)। रुद्रपुर में मानव तस्करों के चुंगल से छुड़ाई गई पांच नेपाली महिलाओं व एक युवती को रुद्रपुर पुलिस व एंटी ह्यूमैन ट्रेफिकिंग सेल की टीम ने बुधवार को महेंद्रनगर (नेपाल) जाकर वहां की माइती नेपाल संस्था के सुपुर्द कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 18 अक्तूबर को रुद्रपुर पुलिस ने मानव तस्करी के धंधे का पर्दाफाश कर गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ते हुए खाड़ी देश में नौकरी का झांसा देकर लाई गई पांच नेपाली महिलाओं और एक युवती को गिरोह के चंगुल से छुड़ाया था। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए आरोपी सोम बहादुर विष्णु उर्फ लोप चंद्र एवं महिला तस्कर नानी माया माझी को जेल भेजा है। पुलिस द्वारा तस्करों के चंगुल से छुड़ाई गई महिलाओं को कानूनी कार्रवाई तक सितारगंज की कुमाऊं सेवा समिति के संरक्षण में रखा गया था।
इस मामले की विवेचना कर रहे रुद्रपुर पुलिस के उप निरीक्षक एमएल विश्वकर्मा बुधवार को संस्था की निदेशक जया मिश्रा के साथ नेपाली महिलाओं को लेकर बनबसा सीमा पर स्थित एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग सेल चौकी पहुंचे। सेल के कांस्टेबल लक्ष्मण चंद को लेकर सभी महिलाओं को महेंद्रनगर स्थित माइती नेपाल संस्था की निदेशक माहेश्वरी भट्ट के सुपुर्द किया। माइती नेपाल की निदेशक माहेश्वरी ने बताया कि महिलाओं से पूछताछ के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।