टनकपुर (चंपावत)।
चोरों ने बृहस्पतिवार रात शिवालय मंदिर से लगी कालोनी में रोडवेज चालक मनोज कुमार के घर को निशाना बनाया है। मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर बक्सा उठा ले गए। मनोज कुमार ने बताया कि बक्से में दो हजार रुपये की नकदी के अलावा एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक मंगलसूत्र, एक फुली और एक जोड़ी पायल समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान था, जो चोर ले गए।
घटना के वक्त रोडवेज चालक मनोज कुमार ड्यूटी पर था। घर में उसकी पत्नी और बच्चे थे। जिस वक्त चोर घर में घुसे उस समय बारिश हो रही थी, इस कारण घर में सो रही रोडवेज चालक की पत्नी को चोरों के घर में घुसने का पता नहीं चल पाया। सुबह दरवाजे का ताला टूटा देख सकते में आई मनोज कुमार की पत्नी ने अंदर देखा तो बक्सा गायब था। खोजबीन करने पर चोरों द्वारा खंगाला गया बक्सा घर से कुछ दूर पड़ा मिला। वहीं, सूचना पर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा फौरन मौके पर पहुंचे और घर के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। कोतवाल ने बताया कि देर शाम तक पीड़ित ने घटना की तहरीर नहीं दी थी, लेकिन पुलिस टीमों को चोरों की सुरागकशी में लगाया गया है।
इधर, चोरी की लगातार होती घटनाओं से लोगों में खासा रोष है। नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, पूर्व ग्राम प्रधान राजू भंडारी, पूर्व प्रधान शिवराज चंद आदि ने चोरों को शीघ्र पकड़ने के साथ ही रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
दो माह में चौथी घटना, एक का भी खुलासा नहीं
टनकपुर। दो माह के अंदर क्षेत्र में चोरी की यह चौथी घटना है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा करने में सफल नहीं हो पाई है। दो माह पहले 12 जुलाई को चोरों ने शहर के बिष्ट मेडिकल स्टोर में चोरी की घटना को अंजाम देने के साथ ही शास्त्री चौक के पास भी एक और दुकान के शटर का ताला तोड़ने की कोशिश की थी। इसके बाद चोरों ने 16 जुलाई को कार्की फार्म के एक मकान में धावा बोला। 18 अगस्त को चोरों ने नायकगोठ गांव में मुकेश सिंह के घर में चोरी की घटना का अंजाम दिया और अब शहर के शिवालय मंदिर से लगी कालोनी में रोडवेज चालक के घर को चोरों ने निशाना बनाया है।