टनकपुर (चंपावत)।
रोडवेज बसों में जहरखुरानी गिरोह की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को गिरोह ने एक और नेपाली किशोर को अपना शिकार बनाया है। उसका सामान और जेब से नकदी गायब हैं। 108 आपात सेवा वाहन के स्टाफ ने उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। खबर लिखे जाने तक सूचना के बाद भी पुलिस ने पीड़ित की सुध नहीं ली थी।
रविवार सुबह नेपाल जाने वाले बैराज मार्ग पर एक किशोर बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसे हुई उल्टी में खून निकलता देख लोगों ने 108 आपात सेवा को सूचित किया। इस पर 108 वाहन के स्टाफ ने उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अर्द्धबेहोशी की हालत में पूछताछ करने पर पीड़ित किशोर ने अपना नाम कर्ण बहादुर पुत्र रण बहादुर एवं खुद को नेपाल के कैलाली जिले के सुक्कड गाबिस का निवासी बताया। उसने बताया कि वह अपने बड़े भाई के साथ हिमाचल प्रदेश में मजदूरी कर वापस अपने घर नेपाल जा रहा था। हिमाचल से वह बनबसा आने के लिए रोडवेज बस में बैठे। सफर के दौरान बस एक ढाबे पर रुकी, जहां दोनों भाई खाना खाकर बस में बैठे तो बेहोशी छाने लगी। उसे यह भी नहीं मालूम कि उसकी बड़ा भाई कहां है। उसने बताया कि उसका सामान और जेब में रखे कुछ रुपये गायब हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक पीड़ित किशोर की हालत ठीक है। सूचना के बाद भी देर शाम तक पुलिस पीड़ित की सुध लेने अस्पताल नहीं पहुंची थी।