पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल लेते दिखे लोग
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। बगैर हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल देने पर पुलिस ने दोनों पंप स्वामियों को नोटिस भेजे हैं। नोटिस में पेट्रोल पंप स्वामियों से नो हेलमेट-नो पेट्रोल के आदेश का उल्लंघन करने का कारण पूछते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बाइक चालकों को हेलमेट पहनाने के लिए एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने 15 फरवरी को पेट्रोल पंपों में नो हेलमेट-नो पेट्रोल के साइनबोर्ड लगवाए थे। पेट्रोल पंप स्वामियों से इस निर्देश का अनुपालन जरूर करने को कहा गया था। इसके बावजूद इस निर्देश का अनुपालन न होने की कई शिकायतें मिली हैं। लोहाघाट के थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल ने बताया कि नगर के दोनों पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस भेजे गए हैं। इसमें सड़क सुरक्षा के मद्देनजर बगैर हेलमेट के पेट्रोल न देने को कहा गया है। इस निर्देश का पालन न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इधर पेट्रोल पंप स्वामियों का कहना है कि वह पुलिस के नो हेलमेट-नो पेट्रोल के निर्देश का पालन कर रहे हैं। अलबत्ता हेलमेट के बगैर बाइक चलाने वाले कुछ लोग पेट्रोल देने के लिए दबाव डाल रहे हैं। पेट्रोल न देने पर पंप संचालकों से अभद्रता तक कर रहे हैं।