बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल सीमा पर शारदा बैराज चौकी पुलिस ने रविवार को तीन लाख नब्बे हजार रुपये की नकदी लेकर नेपाल जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी और बरामद नकदी को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है। बरामद सभी नोट दो हजार रुपये के हैं। फेमा एक्ट के तहत 25 हजार रुपये से अधिक की नकदी नेपाल ले जाने पर प्रतिबंधित है।
रविवार को बैराज चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में पुलिस टीम बैराज गेट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान स्विफ्ट कार (यूपी12 एए/2691) को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर कटका थाना जामसेट (मुजफ्फरनगर) निवासी कार चालक शादाब से 3 लाख 90 हजार रुपये बरामद हुए। सभी नोट दो हजार रुपये के हैं। चौकी इंचार्ज ने बताया कि फेमा एक्ट के तहत 25 हजार रुपये भारतीय करेंसी से ज्यादा ले जाना प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि आरोपी को बरामद नकदी समेत कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
बता दें कि गत 11 जुलाई को भी पुलिस ने तीन लाख बारह हजार रुपये की नकदी के साथ आठ लोगों को पकड़कर कस्टम के सुपुर्द किया था, जिन्हें बाद में कस्टम विभाग ने 48 हजार रुपये का जुर्माना वसूलकर मय नकदी छोड़ दिया था। इधर, आरोपी को कहना है कि वह मेलों में झूले लगाने का काम करता है। नेपाल के धनगढ़ी में प्रस्तावित मेले में झूला लगाने का ठेका लेने के लिए वह रुपये लेकर नेपाल जा रहा था।