हल्दी (बलिया)। क्षेत्र के बसुधरपाह गांव के पूरब काली मंदिर के पास स्थित एक घर में शनिवार की रात चोरों ने छत के रास्ते घर में घुस कर नकदी, गहने समेत हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
क्षेत्र के बसुधरपाह निवासी राजकुमार पांडेय उर्फ टेंगरी अपने घर में सोए थे जबकि उनकी पत्नी छत पर सो रही थी। रात में किसी समय चोर बाहर से छत के रास्ते घर में घुस गए और अटैची व बक्से का ताला तोड़कर आठ हजार रुपये नगद, 14 भर का एक चांदी का पाजेब व एक सोने का जेवर चोरी कर छत के रास्ते से ही निकल गए। चोरों ने इतने साहस और सफाई से काम किया कि उसी घर के बगल वाले कमरे में राजकुमार पांडेय सो रहे थे, लेकिन किसी को कोई खबर तक नहीं लगी। सुबह जब छत से उनकी पत्नी नीचे आई तो सामान बिखरा देख दंग रह गई और अपने पति को जगाकर दिखाया। कमरे में जाकर देखा तो बक्से से नगदी और गहने गायब थे। यह देखकर उनके होश उड़ गये। राजकुमार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। राजकुमार पांडेय ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।