लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में अवैध रुप से किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। इसके अंतर्गत प्रशासन की टीम ने रविवार को पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड से कुछ दूरी पर पोस्टमार्टम हाउस के पास सरकारी भूमि में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
राजस्व उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश ने बताया कि पीएम हाउस के पीछे की ओर बबलू लाल ने टिन शेड बनाकर अतिक्रमण किया हुआ था। पूर्व में भी प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारी को स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। लेकिन अतिक्रमणकारी के स्वयं टिन शेड न हटाने पर राजस्व विभाग की टीम ने खुद अतिक्रमणकारी के सामने टिन शेड हटाया। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिक्रमण हटाने में उमेश, अमर राम, रवि गोरखा आदि मौजूद रहे। तहसीलदार नीलू चावला ने बताया कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक करने के अलावा अतिक्रमणकारियों से भी स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया है।