टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने प्रतापपुर (नानकमत्ता) निवासी मट्ठा विक्रेता सुखविंदर सिंह को 88 पाउच कच्ची शराब के साथ पकड़ा है। वह मट्ठे की आड़ में कच्ची शराब की तस्करी कर रहा था और कच्ची शराब शारदा खनन क्षेत्र के श्रमिकों को बेचने जा रहा था।
कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बाहरी क्षेत्रों से यहां आ रहे कुछ मट्ठा विक्रेताओं द्वारा मट्ठे की आड़ में शराब की तस्करी किए जाने की सूचना थी। इस पर बुधवार को बैराज मार्ग पर मट्ठा विक्रेता बाइक सवार सुखविंदर सिंह को रोक कर तलाशी ली तो मट्ठे की कैन में कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 06/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।