टनकपुर (चंपावत)। शारदा स्नानघाट पर पिछले दिनों एक श्रद्धालु के रुपये चुराने के मामले में पुलिस पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के पिता ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, मानवाधिकार आयोग, राज्य शिकायत प्राधिकरण और क्षेत्रीय विधायक से लिखित शिकायत की है।
शिकायतकर्ता शारदा घाट निवासी राजपाल शर्मा ने कहा कि 3 अप्रैल को शारदा स्नानघाट से एक श्रद्धालु के अस्सी हजार रुपये चोरी हो गए थे। इसके संदेह में पुलिस ने उसके बेटे हिमांशु शर्मा को हिरासत में लेकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
उसका बेटा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। उसने कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, उप निरीक्षक योगेश दत्त और एक महिला पुलिस अधिकारी पर बेवजह हिमांशु की पिटाई कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इधर, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने आरोप का झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में शिकायतकर्ता के बेटे ने रुपये चुराने की बात स्वीकार की थी। दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया था। समझौता क्या हुआ, इस बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।