टनकपुर (चंपावत)। स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए एक व्यक्ति को झांसे में लेकर शातिर ने उसके एटीएम से अपने खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये ट्रांसफर होने का संदेश पढ़ते ही पीड़ित व्यक्ति की पत्नी बैंक शाखा पहुंचीं और शाखा प्रबंधक को इसकी जानकारी दी। महिला की सूचना पर बैंक प्रशासन और पुलिस शातिर का पता लगाने में जुट गए हैं।
कार्की फार्म निवासी जगदीश सिंह की पत्नी के मुताबिक छह जून को उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके पति के खाते से 40 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हुए हैं। संदेश पढ़ते ही वह स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में पहुंचीं और शाखा प्रबंधक पीसी पंत को इसकी जानकारी दी। शाखा प्रबंधक ने खाते की छानबीन की तो पता चला कि रुपये ट्रांसफर करने वाले ने दस हजार रुपये टनकपुर में एसबीआई के एटीएम से, जबकि तीस हजार रुपये सितारगंज के एटीएम से निकाले हैं। शाखा प्रबंधक ने बताया कि जगदीश सिंह छह जून को बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने लगे स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने गया था।
दो प्रयास करने के बाद जब रुपये नहीं निकले तो वहां मौजूद एक युवक ने उसके एटीएम से पुन: प्रयास करने की बात कहकर एटीएम का प्रयोग कर लिया और फिर रुपये नहीं निकलने की बात कहकर उसे एटीएम कार्ड लौटा दिया। इसके बाद जगदीश सिंह एटीएम से चला गया। थोड़ी ही देर में मोबाइल पर उसके खाते से 40 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर होने का संदेश आया। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि शातिर का पता लगा उसे पकड़ने के लिए एसओजी की टीम को लगाया गया है।