बनबसा (चंपावत)। नौ दिन पूर्व एक युवक के शारदा नहर में डूबने की आशंका सही साबित हुई। बुधवार को युवक का शव लोहियाहेड पावर हाउस की जालियों में अटका हुआ मिला। शव की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है।
बता दें कि 28 नवंबर की रात्रि चंदफार्म निवासी रमेश चंद भट्ट की बाइक शारदा नहर पर बने पैदल पुल की मुंडेर पर पड़ी मिली थी। इससे उसके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही थी। रमेश अपने घर चंदफार्म से अपने मामा की शादी में देवीपुरा गांव गया था। उसी रात वह वहां से दूसरे विवाह में गढ़ीगेठ चला गया था।
धनुषपुल स्थित शारदा नहर के साइफन पर बने पैदल पुल की मुंडेर पर उक्त युवक की बाइक के मिलने से उसके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही थी।
एसआई गोविंद सिंह ने बताया कि बुधवार को रमेश का शव लोहियाहेड पावर हाउस की जालियों में अटका हुआ मिला है। रमेश के जीजा विनोद ने शव की शिनाख्त की है।
बनबसा के थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि खटीमा स्थित झनकइयां पुलिस चौकी द्वारा शव को कब्जे में ले पंचनामे बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।