टनकपुर (चंपावत)। ऑनलाइन नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले साइबर ठग को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी ठग का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
बता दें गत 25 जुलाई को ककरालीगेट टनकपुर निवासी नवीन चंद्र उपाध्याय से अज्ञात साइबर ठग ने नए टीके के इंस्टॉलेशन की बात कह कर मोबाइल में रस्टडेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करवा कर उनके खाते से 8 लाख 97 हजार 389 रुपये उड़ा लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। एसपी देवेंद्र पींचा ने उप निरीक्षक दिलबर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले में लिप्त साइबर ठग को जल्द दबोचने के निर्देश दिए। सर्विलांस सेल की मदद से मामले के तार झारखंड से जुड़े मिले।
उप निरीक्षक भंडारी ने बताया कि सुराग लगाकर घटना को अंजाम देने वाले राजपोखर राजद थाना पकुडिया जिला पाकुड झांरखंड निवासी आरोपी तनवीर अंसारी पुत्र मतीउल अंसारी को झारखंड में थाना नागर जिला दुमाक क्षेत्र डीसी मोड से गिरफ्तार कर लाया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक भंडारी के अलावा कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, गिरीश भट्ट और रितेश बोहरा शामिल थे।