टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने मां पूर्णागिरि मेले में जाम, दहशत आदि का झूठा वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट करने पर आरोपी इंस्टाग्राम आईडी धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि साइबर सेल के प्रभारी सीएसआई तेज कुमार ने 12 मई को सोशल मीडिया की मानिटरिंग के दौरान पाया कि इंस्टाग्राम में आरोपी दुर्गेश राजपूत 4490 नाम से एक आईडी संचालित की जा रही है। इससे इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल किया गया है। इसमें टनकपुर को अंकित किया गया। वीडियो ओपन करने पर मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को जाम में फंसा हुआ और फायरिंग, खतरे के सायरन की आवाज सुनकर भागते हुए दर्शाया गया है। जबकि मेला क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
आरोपी ने जानबूझकर वीडियो प्रसारित कर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं में भय पैदा करने का काम किया। बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद