लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लॉक के बैड़ा बैड़वाल गांव में कोरोना महामारी के चलते घर लौटे प्रवासी ने लोहे के रॉड से वार कर अपने पिता का सिर फोड़ दिया। इस दौरान आरोपी ने बीच बचाव को आई अपनी मां और बहन के साथ भी मारपीट की। मारपीट से घायल आरोपी के पिता को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है। मारपीट की वजह का पता नहीं चल सका। अलबत्ता पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग करने के आरोप गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा के हिसार से लौटे प्रवासी पुष्कर सिंह ने किसी बात को लेकर शनिवार को अपने पिता रतन सिंह अधिकारी के सिर पर रॉड दे मारी। साथ ही युवक ने अपने पिता की अंगुली को भी दांतों से काट डाला। इस दौरान पुष्कर ने बीच-बचाव करने आई मां और बहन के साथ भी मारपीट की। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जोशी ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस चौकी में दी। राजस्व उप निरीक्षक सुनील सिंह ने मौका मुआयना करने के साथ ही आरोपी पुष्कर सिंह को हिरासत में लिया। पुष्कर सिंह के खिलाफ सीआरपीसी (दंड प्रक्रिया संहिता) की धारा 107,116 व151 के तहत मुकदमा दर्ज किया। उप जिला मजिस्ट्रेट शिप्रा जोशी ने आरोपी पुष्कर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लोहाघाट जेल भेज दिया। लड़ीधूरा शैक्षिक व सांस्कृतिक मंच सहित क्षेेत्र के तमाम संगठनों ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।