विजेता टीम को ट्राफी देते मुख्य अतिथि पूर्व जिपं सदस्य गोविंद सामंत।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। स्व. मोहन चंद स्मृति क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल मैच में शनिदेव क्लब विचई ने उचौलीगोठ को 20 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्ज जमाया है। मुख्य अतिथि पूर्व जिपं सदस्य गोविंद सामंत ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार बांटे।
सैलानीगोठ के कालाझाला मैदान में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में शनिदेव क्लब विचई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 186 रनों का स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज नीरज चंद ने 55 और विक्की सामंत ने 42 रन बनाए। उचौलीगोठ के गेंदबाज सचिन, अभिषेक, उदय ने 2-2 विकेट चटकाए। जवाबी बल्लेबाजी में उचौलीगोठ की टीम 166 रनों के स्कोर पर आउट हो गई। सचिन ने सर्वाधिक 45 और दीपक ने 35 रन बनाए। शनिदेव के गेंदबाज विक्की सामंत, निकेश, सागर, कुलदीप ने 2-2 विकेट लिए।
मैच के निर्णायक नवीन जोशी और शेखर कलौनी थे। टूर्नामेंट के आयोजन में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बॉबी, प्रधान पूनम चंद, बीडीसी सदस्य अशोक पाल, हरिओम सेठी, प्रेम सिंह ज्याला आदि लोगों ने सहयोग दिया। फाइनल मैच का आनंद उठाने को बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की भीड़ रही। आयोजक कमेटी के मुखिया जितेंद्र चंद जीतू ने सहयोगियों को आभार व्यक्त किया।