चंपावत। डीएम विनीत तोमर ने जिला कार्यालय कक्ष में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम, संक्रमितों मरीजों के बेहतर उपचार, टीकाकरण एवं संभावित कोविड की तीसरी संभावित लहर को लेकर समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में किसी भी स्तर पर कोई कमी न होने दें।
डीएम ने सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी को जांच बढ़ाने के निर्देश किए। कहा कि गृह पृथकवास के दौरान किसी भी व्यक्ति की मृत्यु न हो।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बुखार या कोविड लक्षण के मामले अधिक आ रहे हैं, उन क्षेत्रों में शिविर लगाकर जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा पर लगातार जांच की जाए।
ऑक्सीजन सिलिंडरों और दवाओं की कमी न हो। इसके लिए पहले ही मांग भेज दें। उन्होंने कहा कि सैंपल लेने के समय लक्षण वाले सभी लोगों को दवाइयों की किट प्रत्येक दशा में दी जाए।
उन्होंने संभावित कोरोना की तीसरी लहर को लेकर चर्चा कर सीएमओ को निर्देश दिए कि बच्चों के इलाज में लगने वाले चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्थाओं को पुख्ता करें।
उन्होंने कहा कि मास्क, दो गज दूरी आदि सभी गाइडलाइनों के पालन के लिए आम जनता को जागरूक करने को अभियान चलाया जाए। बैठक में एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, सीवीओ डॉ. बीएस जंगपांगी, एसीएमओ डॉ. श्वेता खर्कवाल आदि रहे।