अपनी मांगों को लेकर लोहाघाट में प्रदर्शन करते संविदा रोडवेज कर्मी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। अनुबंध नवीनीकरण के विरोध में रोडवेज संविदा चालकों का धरना प्रदर्शन 35वें दिन भी जारी रहा। रोडवेज चालकों ने तीन माह का वेतन न देकर निगम प्रबंधन पर उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जगदीश चंद्र जेाशी के नेतृत्व में संविदा चालकों ने रोडवेज परिसर में प्रदर्शन किया।
आक्रोशित चालकों का कहना था कि निगम प्रबंधन की ओर से उन्हें तीन माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। चालकों का कहना था कि सरकार की ओर से अप्रैल माह का वेतन देने की घोषणा की गई है, वहीं निगम प्रबंधन संविदा कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि निगम प्रबंधन की ओर से जब तक अनुबंध नवीनीकरण पत्र नहीं भराए जाते अथवा न्यायालय का फैसला नहीं आता तब तक वेतन का भुगतान नहीं करने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर संविदा चालक कोरोना महामारी से परेशान हैं, वहीं 10 जून से उन्हें ड्यूटी और वेतन न देकर निगम प्रबंधन उनका शोषण कर रहा है। उन्होंने उनकी मांगें शीघ्र पूरी न करने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में मदन सिंह कुंवर, विक्रम सिंह, दलीप सिंह, पुरुषोत्तम जोशी, नंदन सिंह फर्त्याल आदि शामिल रहे।