चंपावत। चंपावत जिले में इस माह के शुरू से हो रही गेहूं की खरीद कोरोना की दूसरी लहर के बावजूद तेज गति से चल रही है। 28 अप्रैल तक जिले में 3037.50 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। ये आंकड़ा पिछले साल की अपेक्षा 1378 क्विंटल ज्यादा है।
चंपावत जिले में 7134 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती होती है। इसमें करीब 8500 मीट्रिक टन पैदावार होती है। सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक सुरेंद्र पाल ने बताया कि जिले के तीन क्रय केंद्रों में कोविड नियमों का पालन करते हुए गेहूं की खरीद कराई जा रही है। अब तक टनकपुर मंडी में चार किसानों ने 167 क्विंटल और बनबसा केंद्र में 120 किसानों ने 2870.50 क्विंटल गेहूं बेचा है। जबकि टनकपुर के तीसरे केंद्र में अभी गेहूं की खरीद नहीं हो सकी है। इस बार अब तक हुई 3037.50 क्विंटल गेहूं की खरीद 2020 की अपेक्षा काफी ज्यादा है। पिछले साल 79 किसानों ने मात्र 1659 क्विंटल गेहूं की बिक्री की थी।
गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी और टनकपुर सहकारी समिति के सचिव दीनानाथ वर्मा ने बताया कि गेहूं की रकम किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है। इस बार किसानों को 1975 रुपये क्विंटल के अलावा प्रति क्विंटल 20 रुपये बोनस दिया जा रहा है।
फोटो 28 सीपीटी 07पी
जारी है गेहूं की खरीद
बनबसा (चंपावत)। बनबसा टनकपुर स्थित गेहूं क्रय केंद्र में खरीद जारी है। लॉकडाउन में कोविड गाइड लाईनों के नियमानुसार गेहूं की खरीद की जा रही है। केंद्रों पर बारी बारी से काश्तकारों को बुलाया जा रहा है। बनबसा टनकपुर में पहली अप्रैल को गेहूं क्रय केंद्र खोल दिए गए थे। लेकिन 15 अप्रैल से बनबसा में खरीद शुरू की गई। बहुउद्देशीय क्षेत्रीय साधन सहकारी समिति के सचिव दीनानाथ वर्मा ने बताया कि अब तक बनबसा टनकपुर में 3037.50 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। (संवाद)