संवाद न्यूज एजेंसी
पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के टांक बल्वाड़ी में खेल-खेल में बवाल हो गया। क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। पिटाई करने के आरोप में पाटी थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। लॉकडाउन के बावजूद 18 अप्रैल को टांक बल्वाड़ी और बुंगाख्याली की टीमों के बीच क्रिकेट मैच हुआ। इसी दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि टांक बल्वाड़ी के खिलाड़ी दयाकिशन की दूसरी टीम के कुछ खिलाड़ियों ने पिटाई कर डाली। पाटी पुलिस को मंगलवार को मामले की जानकारी हुई। पाटी के उप निरीक्षक नवल किशोर ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नवीन सिंह, किशोर सिंह, कमल सिंह और कैलाश बिष्ट पर धारा 144 का उल्लंघन करने और मारपीट के मामले पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188/269 पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं। मामले की जांच की जा रही है।