लोहाघाट/चंपावत। रसोई गैस की किल्लत के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को रसोई गैस न मिलने से लोगों को निराश होना पड़ा। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन रसोई गैस की बुकिंग होने के बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है। गैस के लिए लोगों में मारामारी मची हुई है। पाटन पाटनी के लोगों का कहना है कि एजेंसी की ओर से पाटन पाटनी में गैस का वाहन भेजा जा रहा है, लेकिन अन्य स्थानों से वाहनों में आकर लोग गैस ले जा रहे हैं, इससे स्थानीय लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। गैस प्रबंधक उमेश सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार होने के कारण प्लांट से गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि लोहाघाट गैस एजेंसी के लिए प्रतिदिन दो गैस के वाहनों की डिमांड की जा रही है। चंपावत में भी लोगों को रसोई गैस सिलिंडर के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग सुबह से ही सिलिंडर के लिए लाइन में लगने के लिए मजबूर हैं। गैस एजेंसी में 234 रसोई गैस सिलिंडर लेकर आए वाहन को रोस्टर के हिसाब से वितरण के लिए भेज दिया गया।