टनकपुर(चंपावत)। मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल टैक्सी स्टैंड के पास मल्टी स्टोरी पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। जिसे कार्यदायी संस्था की ओर से नगर पालिका को हस्तांतरण की कार्यवाही शुरू हो गई है। पार्किंग का संचालन पालिका करेगी। माह भर में पार्किंग उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
मां पूर्णागिरि धाम के प्रमुख पड़ाव क्षेत्र और पहाड़ का प्रवेश द्वार होने पर वाहनों का अधिक दबाव रहता है। नगर में पार्किंग की आवश्यकता को लंबे समय से महसूस किया जा रहा है। सड़क किनारे वाहन पार्क होने से अक्सर जाम भी लग जाता है। इसके लिए टैक्सी स्टैंड के पास वर्ष 2022 में 96.79 लाख रुपये से 79 वाहन क्षमता का मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था निर्माण इकाई उत्तराखंड पेयजल निगम लोहाघाट ने निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। विभाग के अपर सहायक अभियंता कन्हैया लाल ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब पालिका को मल्टी स्टोरी पार्किंग का हस्तांतरण होना है। जल्द ही हस्तांतरण होने से नगर में एक पार्किंग उपलब्ध होगी और यातायात में सुविधा मिलेगी।
कोट
टनकपुर के टैक्सी स्टैंड के पास मल्टी स्टोरी पार्किग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पालिका को नव निर्मित पार्किंग माह भर में हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया जारी है। - अशोक स्वरुप, परियोजना प्रबंधक निर्माण इकाई, उत्तराखंड पेयजल निगम, लोहाघाट