शारदा के अप स्ट्रीम में जेसीबी से खनिज निकासी के लिए रास्ता बनवाते वन कर्मी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। शारदा के अप स्ट्रीम में खनिज निकासी की राह में बाधक बनी नदी की धारा के डायवर्जन की योजना पर भले ही अभी निर्णय नहीं हो पाया है, लेकिन वन विभाग ने खनिज निकासी शुरू कराने के लिए धारा की गहराई को कम कर रास्ता बनाने का काम शुरू कर दिया है।
शारदा से खनिज निकासी के लिए वन विभाग ने डाउन स्ट्रीम गेट गत 15 नवंबर को खोल दिया था, लेकिन अब तक वाहन मालिकों और खनन कारोबारियों ने निकासी शुरू नहीं की है। वाहन मालिकों का कहना है कि खनन क्षेत्र के अप स्ट्रीम में नदी की धारा निकासी मार्ग की ओर मुड़ने और जल स्तर अधिक होने से वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है। उनका कहना है कि पहले या तो नदी की धारा को खनन क्षेत्र सेे दूर मोड़ा जाए या फिर वाहनों के लिए रास्ता बनाया जाए। नदी की धारा मोड़ने और रास्ता बनाने के दोनों विकल्पों पर मंथन के बाद वन विभाग ने बृहस्पतिवार से धारा की गहराई कम कर रास्ते के निर्माण का काम शुरू कर दिया है।
शारदा रेंज के रेंजर महेश सिंह बिष्ट ने बताया कि नदी की धारा मोड़ने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हो पाया है। लेकिन जेसीबी से बैड मैटेरियल डालकर नदी की धारा की गहराई को कम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शारदा के अप स्ट्रीम में नदी की धारा मोड़ने के लिए शुक्रवार को एसडीएम दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण होगा।