जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीते दिनों गुजरात दौरे में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के वाहनों के काफिले में पथराव किए जाने के मामले पर विरोध जताया गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में इस तरह का व्यवहार शोभनीय नहीं है। राहुल गांधी के काफिले में वाहनों पर पथराव केंद्र की भाजपा सरकार के इशारों पर हुआ है। यूथ कांग्रेस नेता और पूर्व सभासद सूरज प्रहरी तथा पूर्व जिला महामंत्री पूरन सिंह कठायत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मोटर स्टेशन में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा की ओर से लोकतंत्र में विपक्ष का गला घोटने का प्रयास किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर अशोक कार्की, दान सिंह बोहरा, नरेश जोशी, विजय वर्मा, जगदीश पांडेय, मयूख चौधरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम देव, विमल पांडेय, राम सिंह महर, भारत जोशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।