चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दो दिन का दौरा तो शनिवार को पूरा हो गया लेकिन दौरे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने आरोप लगाया कि शनिवार को हुए जनसंवाद कार्यक्रम में जेएनवी में 19 नवंबर 2022 को की गई घोषणाओं (जेएनवी में जिम कक्ष, बहुउद्देश्यीय सभागार और मैदान विस्तारीकरण) का फिर से दोहराव किया गया है। कहा कि सीएम के विधानसभा क्षेत्र में सचमुच ठोस काम होगा, तो कांग्रेस भी सीएम की सराहना करने में पीछे नहीं रहेगी
कहा कि भाजपा एक साल बेमिसाल का नारा लगा रही है, जबकि एक साल में मिसाल लायक काम नहीं हुए हैं। कहा कि इस अवधि में टनकपुर आईसीयू से लेकर ट्रॉमा सेंटर तक स्वास्थ्य सेवाओं में खास सुधार नहीं हो सका है। सीएम के इस क्षेत्र के विधायक होने के बाद भी चंपावत जीजीआईसी में प्रवक्ताओं की कमी को दूर नहीं किया जा सका है। टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर चूका में पुल का काम लटका हुआ है। कहा कि सीएम के विधानसभा क्षेत्र में सचमुच ठोस काम होगा, तो कांग्रेस भी सीएम की सराहना करने में पीछे नहीं रहेगी। विधायक के रूप में एक साल और सीएम के रूप में 23 माह बीतने पर भी सिर्फ विकास का इंतजार हो रहा है।
कांग्रेस के विधायक भी कर रहे सीएम के काम की तारीफ : भाजपा
चंपावत। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आरोपों पर भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया ने कहा कि कांग्रेस जनाधार खोने की हताशा में सच को नकार रही है। सच यह है कि कांग्रेस के कई विधायक भी सीएम के कार्यों और जन सुलभता की प्रशंसा कर रहे हैं। कहा कि एक साल में धामी सरकार ने 170 से अधिक घोषणाएं ही नहीं की हैं बल्कि शासनादेश के साथ ही अधिकांश घोषणाओं में काम भी शुरू कराए। चंपावत डिग्री कॉलेज को मॉडल कॉलेज बनाने, स्मार्ट ब्लॉक शिक्षा कार्यक्रम के संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पर्यटन हब के लिए उठाए कदम सहित कम समय में अधिक काम कर जिले को मॉडल जिला बनाया जा रहा है। संवाद