भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में माफियाराज कायम किया है। जल-जंगल और जमीन पर माफिया को बसाने का काम इस सरकार ने किया है। उन्होंने इशारों में कहा कि सरकार खनन, शराब और भू-माफिया के हाथों पर नाच रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के मंसूबों पर उत्तराखंड की अस्मिता को लूटने नहीं देगी।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद चेतना रैली के तहत यहां पहुंचे भाजपा नेता भट्ट का बनबसा और टनकपुर में जोरदार स्वागत हुआ। तुलसीराम चौराहे पर आयोजित सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की जनता खटीमा कांड, मंसूरी कांड, रामपुर तिराह कांड को भूली नहीं है। शहीदों ने माफिया से मुक्त उत्तराखंड का सपना देखा था, लेकिन कांग्रेस ने माफिया को पनपाकर राज्य के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की शहादत को अपमानित किया है। आज राज्य में चारों तरफ खनन माफिया का राज कायम है। माफिया के लिए सरकार ने खनन नीति तक बदल डाली। छोटे खनन कारोबारियों के पेट पर लात मार दी गई है और बड़े माफिया को सरकार संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भी कांग्रेस सरकार जनता के साथ छलावा किया है। घोषणाएं और शिलान्यास कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। बगैर मान्यता पालीटेक्निक कालेज खोलकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। सभा को पूर्व राज्यमंत्री बीना महराना, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, शिवराज सिंह कठायत, हेमा जोशी आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, खटीमा के विधायक पुष्कर धामी, जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश गहतोड़ी, हयात सिंह महरा, मदन महर, गोविंद सामंत, दीपक पाठक, शंकर लाल वर्मा, सुभाष बगौली, गिरीश वर्मा, संजय जोशी, हरीश हैसियत, कमल पंत, केएन तिवारी, विनोद वर्मा, संजीव आर्य, भुवन चंद्र पांडेय, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद आदि मौजूद थे।