लोहाघाट विधानसभा में सबसे अधिक मतदाताओं वाले विकासखंड पाटी से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, चंपावत जिला पंचायत की उपाध्यक्ष देवकी लमगड़िया और पाटी की ब्लाक प्रमुख पुष्पा लमगड़िया करीब 300 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। सतपाल महाराज, नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय राज्य कपड़ा मंत्री अजय टम्टा ने माल्यार्पण कर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
पाटी में हुई भाजपा की जनसभा में लमगड़िया ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। लोगों से भाजपा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कहा कि भाजपा लोहाघाट विधानसभा सहित पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराएगी।
पाटी के पूनाकोट मैदान में हुई सभा में कांग्रेस में 42 सालों सेे सक्रिय रहे क्षेत्र के कद्दावर नेता लक्ष्मण सिंह लमगड़िया अपने करीब 300 कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी में शामिल हुए। लमगड़िया ने कहा कि उन्होंने लगातार 42 सालों से कांग्रेस की सेवा की और अपना पूरा जीवन कांग्रेस के लिए लगा दिया, परंतु बदले में उन्हें धोखे के सिवा कुछ भी नहीं मिला। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि हरीश रावत सरकार ने घोटालों के सिवा प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया है। भाजपा नेता सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आएगी और वह प्रदेश को विकास के मॉडल के रूप में देश में विकसित करेंगे जो एक मिशाल होगी। पूर्व सीएम कोश्यारी ने लोगों को बंदर भगाओ, कांग्रेस भगाओ, उत्तराखंड बचाओ का नारा दिया। इससे पूर्व ढोल-नगाड़ों के साथ पूनाकोट मैदान पहुंचे लमगड़िया परिवार के जुलूस में जमकर हरीश रावत मुर्दाबाद के नारे लगे। भाजपा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल का कहना था कि लमगड़िया के भाजपा में आने से पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर केसी पुनेठा, हयात सिंह महरा, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, सुभाष बगौली, निमज्ल महरा, हरीश मथेला, डीएन जोशी, सचिन जोशी, मोहित पाठक, एलएम कुंवर, दीपक जोशी, दीपक भट्ट आदि मौजूद रहे।
रावत पर लगाया पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप
एलएस लमगड़िया ने हरीश रावत पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पैसे लेकर टिकट बेचा है। पांच साल पहले इसी मैदान में हरीश रावत ने उनसे कहा था कि अब उनका वनवास खत्म हो चुका है अगले चुनाव में उन्हें ही टिकट दिया जाएगा, परंतु बार बार आश्वासनों के बाद भी अंत में पैसे लेकर टिकट को बेच दिया। आने वाली 11 मार्च को प्रदेश की जनता उनका इस प्रदेश से ही वनवास कर देगी। साथ उन्होंने कहा कि बार बार हरीश रावत को घोषणाएं याद दिलाने के बाद भी क्षेत्र की जनता के साथ पक्षपात करते हुए लोगों को गुमराह किया गया, इस कारण से पाटी में आयुष कालेज, कोरा लिफ्ट पेयजल योजना, गैस गोदाम सहित पाटी में महाविद्यालय की स्थापना नहीं हो सकी।