चंपावत/लोहाघाट/पाटी। कांग्रेस ने बेतहाशा महंगाई और बदतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रविवार को बापू की मूर्ति के समक्ष उपवास किया। जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत के नेतृत्व में हुए उपवास में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार महंगाई पर काबू करने में फेल रही है। इससे कोरोना काल में लोगों की मुसीबतें बढ़ी हैं। इसी तरह कोरोना काल में बीमार लोगों को इलाज नहीं दे पाने और बदतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पार्टी ने सरकार और स्थानीय जन प्रतिनिधियों पर निशाना साधा।
उपवास करने वालों में सेवादल जिला प्रभारी हरीश चौधरी, विकास साह, मयूख चौधरी, उमेश खर्कवाल सूरज प्रहरी, हरगोविंद बोहरा, जगदीश जोशी, रोहित बिष्ट, दीपक तड़ागी लारा आदि शामिल थे। लोहाघाट में उपवास करने वालों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, नवीन मुरारी, भगीरथ भट्ट, प्रकाश माहरा, चिराग फर्त्याल, अशोक माहरा, शुभम माहरा, नीरज कालाकोटी, प्रकाश शर्मा, सोनम बोहरा, बाराकोट में एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नारायण राम, महेश अधिकारी, भवान राम, संदीप कुमार, लक्ष्मण राम और पाटी में ब्लाक अध्यक्ष चतुर सिंह मेहता, ललित पाटनी, छत्र सिंह बिष्ट, पूरन महराना, प्रकाश शर्मा आदि शामिल थे।
बहुत हुई महंगाई की मार, कुछ तो जतन करो सरकार
चंपावत। बहुत हुई महंगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार... का नारा 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान लोगों को खूब लुभाता था। उम्मीद थी कि सत्ता में आने के बाद महंगाई की मार से लोगों की जेब ढीली नहीं होगी। लेकिन हालात बदलने के बजाय बदतर होते गए। अब इसी नारे को लेकर कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल भाजपा सरकार को कटघरे पर खड़ा कर रहे हैं। वैसे भी बीते सात साल ही नहीं, सिर्फ पिछले छह माह में महंगाई का ग्राफ आसमान को छू रहा है।
पिछले साल दिसंबर से अब तक छह माह में महंगाई की आग चौतरफा लगी है। खाने के तेल से लेकर पेट्रोल-डीजल तक हर तरफ महंगाई ने अपने ही रिकार्ड तोड़े हैं। एलपीजी सिलिंडर की कीमत छह माह में 217 रुपये बढ़कर 847 तक पहुंची। वहीं खाने के तेल से लेकर वाहन चलाने के तेल (डीजल-पेट्रोल) तक की कीमतों में आग लगी है। खाने के तेल में इन छह महीनों में 65 प्रतिशत इजाफा हो गया है। इस वक्त लोग खाने के सामान्य तेल के लिए एक लीटर के लिए 170 रुपये देने को मजबूर हैं। इसी तरह डीजल में इन छह महीनों में 12.51 रुपये लीटर और पेट्रोल में 11.04 रुपये लीटर का इजाफा हुआ है। 30 मई को डीजल 86.31 और पेट्रोल 92.66 रुपये लीटर पहुंच गया है।
कीमतें एक दिसंबर 30 मई (रुपये में)
गैस सिलिंडर 630 847
खाने का तेल 105 170
डीजल: 73.80 86.31
पेट्रोल: 81.62 92.66
कोट
कोरोना काल में सेहत के साथ जेब की चिंता आम लोगों पर मार कर रही है। सरकार को महंगाई पर लगाम कसने के लिए जल्द से जल्द असरकारक कदम उठाने चाहिए।
बसंत तड़ागी, चंपावत।
रोजगार की कमी के बाद कोरोना काल में छिनता काम लोगों की मुसीबतों को बढ़ा रहा था। अब लगातार महंगाई की उछाल लोगों के लिए सिरदर्द बन रही है।
मुकुल पांडेय, चंपावत।