प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने जिला कार्यालय सभागार में सीमांत एवं पूर्णागिरि क्षेत्र में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पूर्णागिरि रोपवे के निर्माण पर हो रही देरी, पूर्णागिरि धाम के रास्ते में छतरियों के निर्माण, ठूलीगाढ़ से भैरव मंदिर तक सड़क निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
इस मौके पर बताया गया कि पूर्णागिरि रोपवे का निर्माण कार्य 2019 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। ठूलीगाढ़ से भैरव मंदिर तक सड़क निर्माण के संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीडी भट्ट ने बताया कि कार्य प्रगति पर है और 15 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा। सीडीओ एसएस बिष्ट ने कहा कि पूर्णागिरि धाम में 10 सोलर लाइट लगाने की कार्रवाई गतिमान है। प्रभारी मंत्री ने 40 सोलर लाइट लगाने को कहा। उन्होंने लो वोल्टेज में सुधार करने तथा तीन कंप्यूनिटी शौचालयों का निर्माण करने को कहा। बताया गया कि पूर्णागिरि मार्ग में टाइल्स, बैंच व रेलिंग का कार्य अंतिम चरण में है।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि बेटियां अपनी मन की बात रख सकें इसके लिए सभी स्थानों पर सीलबंद बाक्स स्थापित करें। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा कि डंपिंग जोन की मिट्टी को रोकने हेतु वायरक्रेट लगाने के निर्देश एनएच को दिए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरू, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, पीडी एचजी भट्ट, डीडीओ आरसी तिवारी के अलावा पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, हेमेश कलखुड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डिग्री कालेज में एमएससी संकाय खोलने की मांग
चंपावत। महिला बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्या को विभिन्न संगठनों की ओर ज्ञापनों के पुलिंदे सौंपे गए। भंडार बोरा के ग्रामीणों ने गांव के लिए मंजूर सड़क में निर्माण शुरू करने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में चंचल सिंह, विपिन सिंह, विमल कुंवर, नवीन सिंह कुंवर, बसंत सिंह, सतीश सिंह आदि शामिल थे। छात्रसंघ अध्यक्ष नाथ सिंह बोहरा के नेतृत्व में छात्रों ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन देकर डिग्री कालेज में एमएससी संकाय शुरू किए जाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में बसंत जोशी, प्रमोद बडेला, दीपांशु चतुर्वेदी, अभिषेक गंगोला, चंचल सिंह, रोहित कार्की आदि शामिल थे। सीमांत रायल के पूर्व सैनिक नारायण सिंह के नेतृत्व में दीवान सिंह, तान सिंह, अर्जुन सिंह, दान सिंह, गणेश सिंह आदि की ओर से दिए गए ज्ञापन में सड़क सुविधा सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई गई।