टनकपुर में प्रशासन द्वारा बांटवाएं जा रहे राशन वितरण में सामुदायिक दूरी का उल्लंघन करते लोगों क?
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों को बंटवाए जा रहे राशन वितरण में सामुदायिक दूरी का उल्लंघन हो रहा है। बृहस्पतिवार की शाम अंबेडकर नगर कॉलोनी में राशन की गाड़ी पहुंचते ही लोगों में ऐसी होड़ मची कि वे राशन के फेर में सामुदायिक दूरी बनाए रखना ही भूल गए। इतना ही नहीं कई लोग बगैर मॉस्क पहने ही राशन लेने दौड़ पड़े। तहसीलदार खुशबू पांडेय ने कहा है कि राशन वितरण में सामुदायिक दूरी सुनिश्चित कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ब्यूरो
पूर्णागिरि से राशन लेने पैदल पहुंचे मजदूर, राशन देकर लौटाया
टनकपुर (चंपावत)। तहसील जरूरतमंदों को राशन बांटे जाने की अफवाह पर पूर्णागिरि धाम से चार अधेड़ मजदूर 21 किलोमीटर पैदल चलकर तहसील पहुंच गए। लेकिन तहसीलदार खुशबू पांडेय ने इन मजदूरों को खाली हाथ नहीं लौटाया। चारों मजदूरों को खाद्यान्न के पैकेट देकर वापस भेजा गया।
सस्ता गल्ला विक्रेताओं को तीन माह का राशन बांटने के निर्देश
टनकपुर (चंपावत)। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने सस्ता गल्ला की दुकानों का निरीक्षण कर राशन वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विक्रेताओं को शनिवार की शाम तक हर हाल में उपभोक्ताओं को तीन माह के राशन का एडवांस वितरण करनेे के निर्देश दिए हैं। राशन वितरण में सामुदायिक दूरी का विशेष ध्यान रखने की भी हिदायत दी है। संवाद
खाद्य सामग्री बांटने की प्रशासन को दें जानकारी
चंपावत। एडीएम टीएस मर्तोलिया ने किसी भी गैर सरकारी संस्था से खाद्य सामग्री बांटने से पूर्व प्रशासन को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को एनजीओ संचालकों के साथ हुई बैठक में उन्होंने खाद्य सामग्री के भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन से समन्वय बनाने को कहा। बैठक में एसडीएम अनिल गर्ब्याल, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, डीईओ सत्यनारायण, आरसेटी निदेशक जनार्दन चिलकोटी, उद्योग सहायक प्रबंधक जीपी दुर्गापाल, एनजीओ संचालक राजू गड़कोटी, कुलदीप भंडारी सहित कई लोग शामिल थे। संवाद